Lucknow Dairy Case: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के पारा इलाके में अवैध डेयरी हटाने के दौरान हुए हंगामे के बाद पुलिस और नगर निगम की कार्रवाई तेज हो गई है। पुलिस टीम पर हमले और एक पुलिस अधिकारी की हत्या के प्रयास के आरोपों के बाद इलाके में लगातार छापेमारी की जा रही है। नगर निगम की टीम भी पुलिस बल के साथ अवैध डेयरियों को बंद कराने की कार्रवाई में जुटी हुई है।कार्रवाई के दौरान कई अवैध डेयरियों को बंद कराया गया है। नगर निगम की टीम ने इलाके से भैंसों को भी पकड़ा और वाहनों में लादकर हटाया। वहीं, पुलिस उन लोगों की तलाश कर रही है जिन पर पुलिस और नगर निगम की टीम पर हमला करने का आरोप है।
पुलिस और नगर निगम की टीम पर हमला
अवैध डेयरियों को हटाने पहुंची पुलिस और नगर निगम की टीम के साथ कथित तौर पर मारपीट और पथराव किया गया था। आरोप है कि इस दौरान एक दरोगा पर लोहे की मोटी जंजीर से हमला किया गया, जिससे उनके सिर में चोट आई।मामले से जुड़े मारपीट और हंगामे के वीडियो और तस्वीरें भी सामने आने की बात कही गई है। पथराव में नगर निगम की कई गाड़ियों के शीशे टूटने का भी आरोप है।पुलिस ने मामले में आठ नामजद आरोपियों समेत कई अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। अब पुलिस आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।
अवैध डेयरियों के खिलाफ अभियान जारी
घटना के बाद नगर निगम ने पारा इलाके में अवैध डेयरियों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। पुलिस सुरक्षा के बीच नगर निगम की टीम डेयरी संचालकों से जगह खाली कराने और अवैध गतिविधियों को बंद कराने में जुटी है।प्रशासन की कार्रवाई के दौरान इलाके में पुलिस बल भी तैनात किया गया है, ताकि किसी तरह की दोबारा स्थिति न बने। अधिकारियों का कहना है कि नियमों का उल्लंघन करने वाली डेयरियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
हो सकता है बुलडोजर एक्शन
मामले में प्रशासन की ओर से आगे संपत्तियों की जांच भी की जा सकती है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी की कार्रवाई के साथ उनकी संपत्तियों से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच संभव है।अगर जांच में किसी तरह की अनियमितता सामने आती है, तो प्रशासन की ओर से नियमानुसार नोटिस जारी करने के बाद आगे की कार्रवाई की जा सकती है। ऐसे में आने वाले दिनों में इलाके में बुलडोजर कार्रवाई की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा है।
महापौर ने कही सख्त कार्रवाई की बात
लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल ने पूरे मामले पर सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि पुलिस और नगर निगम की संयुक्त कार्रवाई चल रही है। उनके मुताबिक, नगर निगम कर्मचारियों और पुलिस अधिकारी के साथ जिस तरह से मारपीट की गई, वह गलत है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।महापौर ने यह भी कहा कि इलाके को अवैध डेयरियों से साफ करने की कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने पुलिस पर हुए हमले को गंभीर बताते हुए कहा कि पुलिस लोगों की सुरक्षा के लिए है और उसके साथ मारपीट स्वीकार नहीं की जा सकती।फिलहाल पारा इलाके में पुलिस और नगर निगम की संयुक्त कार्रवाई जारी है। पुलिस का लक्ष्य मामले में शामिल आरोपियों को पकड़ना और अवैध डेयरियों के खिलाफ अभियान को आगे बढ़ाना है।
टिप्पणी लिखें
बातचीत में शामिल होने के लिए कृपया साइन इन करें।
टिप्पणी करने के लिए साइन इन करेंखाता नहीं है? साइन अप करें